वाराणसी में वायुसेना का 'विंग्स ओवर गंगा' शो, आसमान में गरजेंगे राफेल और SU-30MKI
भारतीय वायुसेना वाराणसी में अपना शानदार 'विंग्स ओवर गंगा' हवाई शो लेकर आ रही है। यह शो 25 अक्टूबर को नमो घाट पर होगा और वायुसेना के 94वें स्थापना दिवस समारोह का हिस्सा है। इस दौरान शहर के आसमान में SU-30MKI और राफेल जैसे दमदार विमान उड़ान भरते दिखाई देंगे। इस आयोजन का मुख्य मकसद युवाओं को विमानन क्षेत्र और भारतीय वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित करना है।
सूर्य किरण और सारंग हेलीकॉप्टर दिखाएंगे करतब
इस खास शो में सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम अपने हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। इन हैरतअंगेज नजारों के पीछे वाराणसी का ऐतिहासिक नजारा और गंगा नदी होगी। इस कार्यक्रम में भारतीय नौसेना और सेना के विमान भी शामिल होकर देश की सभी सेनाओं के बीच बेहतरीन तालमेल का संदेश देंगे। यह सिर्फ हवाई करतबों का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि वायुसेना को उम्मीद है कि यह आयोजन युवाओं में उड़ान और रक्षा क्षेत्र की आधुनिक तकनीक के बारे में उत्सुकता जगाएगा।