BRICS शिखर सम्मेलन के दौरान मोदी, पुतिन और शी एक मंच पर, क्या बदलेगा विश्व का समीकरण?
भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में 18वें BRICS नेताओं के शिखर सम्मेलन का आयोजन करेगा। यह खास बैठक इस संगठन की सालगिरह के तौर पर हो रही है, जिसमें सभी 11 सदस्य देशों – भारत, चीन, रूस, ब्राजील, दक्षिण अफ्रीका, सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, ईरान, मिस्र, इंडोनेशिया और इथियोपिया के नेता शामिल होंगे।
इस शिखर सम्मेलन में वैश्विक व्यापार, तकनीकी नवाचार, ऊर्जा सुरक्षा, वित्तीय समावेशन और अंतरराष्ट्रीय नियमों को सबके लिए और ज्यादा निष्पक्ष बनाने जैसे अहम मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।
BRICS नेता आपूर्ति श्रृंखलाओं पर चर्चा करेंगे
अब सदस्य देशों की संख्या बढ़ने के बाद BRICS पहले से कहीं ज्यादा बड़ा हो गया है। प्रधानमंत्री मोदी इसमें शामिल होने वाले दुनिया भर के नेताओं का स्वागत करेंगे। इनमें रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी शामिल हो सकते हैं।
इस दौरान वे सभी देश मिलकर अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत बनाने और आपसी व्यापार में अपनी-अपनी मुद्राओं का इस्तेमाल ज्यादा करने पर बात करेंगे। इस शिखर सम्मेलन में 11 सितंबर को एक बिजनेस फोरम और महिला बिजनेस अलायंस का एक सत्र भी होगा। ये आयोजन भारत की समावेशी विकास और सभी के लिए नए अवसर पैदा करने की सोच को आगे बढ़ाते हैं।