भारत ने पाकिस्तान के युद्ध छेड़ने वाले बयान को बताया हताशा भरी कोशिश
क्या है खबर?
भारत ने पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। भारत ने पाकिस्तान के बयान को अपनी नाकामियों को छिपाने की हताशा भरी कोशिश बताते हुए उसके सभी दावों को मनगढ़ंत बताकर खारिज कर दिया। बता दें कि आसिफ ने कहा था कि अगर पाकिस्तान को लगता है कि उसकी जल सुरक्षा गंभीर खतरे में है तो वह भारत के साथ युद्ध करेगा। आइए भारत के बयान पर नजर डालते हैं।
प्रतिक्रिया
भारत ने क्या दी प्रतिक्रिया?
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "इस तरह की टिप्पणियां पाकिस्तान द्वारा अपनी नाकामियों को छिपाने और मानवाधिकारों के हनन से ध्यान हटाने की हताश कोशिशें हैं। हम इन मनगढ़ंत दावों को सिरे से खारिज करते हैं।" उन्होंने कहा, "पाक अधिकृत कश्मीर (PoK) में जारी विरोध प्रदर्शन पाकिस्तान की दशकों पुरानी व्यवस्थित आर्थिक शोषण, मौलिक अधिकारों से वंचित करने और अवैध कब्जे वाले क्षेत्रों में प्रशासनिक दमन की नीति का परिणाम हैं।"
धमकी
पाकिस्तान ने दी थी भारत के खिलाफ सैन्य कार्रवाई की धमकी
ARY न्यूज को दिए साक्षात्कार में पाकिस्तानी रक्षा मंत्री आसिफ ने कहा था कि पाकिस्तान जल संसाधनों को अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा का अभिन्न अंग मानता है और यदि भारत जल आपूर्ति बाधित करता पाया गया तो वह जवाबी कार्रवाई करने में संकोच नहीं करेगा। उन्होंने कहा, "जिस क्षण हमें लगेगा कि हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा और जल हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा का एक अभिन्न अंग है, खतरे में है, हम भारत के खिलाफ निश्चित रूप से युद्ध छेड़ देंगे।"
दावा
भारत पूरी तरह से रोक सकता है सिंधु नदी का पानी
चैनल द्वारा भारत के जल मंत्री सीआर पाटिल का वीडियो प्रसारित करने के बाद उनकी यह टिप्पणी आई है, जिसमें उन्होंने कहा कि जून 2028 तक पाकिस्तान को सिंधु नदी का पानी पूरी तरह से रोका जा सकता है। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया था, जिसमें 26 लोग मारे गए थे। भारत ने सीमा पारी आतंकियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होने तक संधि निलंबित रखने की बात कही थी।