नेपाल बाढ़: 11 टन मदद के साथ भारत ने भेजा चौथा विमान, सैकड़ों भारतीयों की तलाश तेज
भारत ने नेपाल में बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए अपना चौथा राहत विमान भेजा है। इस विमान से 11 टन राहत सामग्री नेपाल पहुंचाई गई है। इस खेप में खोज और बचाव दल के उपकरण, टनल तकनीक से जुड़े विशेषज्ञ और DNA जांच के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट शामिल थे।
इसके साथ ही, कंबल, स्लीपिंग बैग, तिरपाल और हाइजीन किट जैसी जरूरी चीजें भी भेजी गईं। भारतीय विदेश मंत्रालय ने बताया कि विमान के नेपाल पहुंचते ही सारी सामग्री वहां के प्रशासन को सौंप दी गई।
अभी भी सैकड़ों भारतीय लापता
नेपाल और चीन में आई बाढ़ से 682 लोगों की जान जा चुकी है और करीब 3,000 लोग अब भी लापता हैं। इसी बीच, नेपाल के रासुवा जिले के एक हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट से शनिवार को 4 भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकाला गया।
इस बचाव अभियान के साथ, अब तक कुल 88 लोगों को बचाया जा चुका है। हालांकि, सैकड़ों भारतीय और भारतीय मूल के लोग अभी भी लापता हैं। उनके बारे में अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। बचाव टीमें लगातार काम कर रही हैं।
सबसे ज्यादा चिंता उन लगभग 100 मजदूरों को लेकर है जो सुरंगों में फंसे हो सकते हैं। इन जगहों पर बचे लोगों को जल्द से जल्द बाहर निकालने की उम्मीद में बचाव दल दिन-रात जुटे हुए हैं।