Page Loader
कोरोना: बीते दिन देश में सामने आए 62,258 मामले, महाराष्ट्र में मिले लगभग 37,000 मरीज

कोरोना: बीते दिन देश में सामने आए 62,258 मामले, महाराष्ट्र में मिले लगभग 37,000 मरीज

Mar 27, 2021
09:36 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 62,258 नए मामले सामने आए और 291 मरीजों की मौत हुई है। पांच महीनों बाद देश में एक दिन में इतने मरीज मिले हैं। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,19,08,910 हो गई है। इनमें से 1,61,240 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या लगातार बढ़ते हुए 4,52,647 पर पहुंच गई है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

बीते दिन 30,000 से अधिक मरीज हुए ठीक

कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 30,386 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,12,95,023 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 95.09 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,64,915 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में 23.97 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।

कोरोना वायरस

ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य

अगर सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 26,37,735 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 53,907 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 11,13,722 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 4,553 मौतें हुई हैं। इसी तरह 9,81,044 मामलों और 12,484 मौतों के साथ कर्नाटक और 8,96,863 मामलों और 7,203 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले और मौतें

कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 36,902 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 112 मरीजों की मौत हुई। महामारी की शुरुआत के बाद राज्य में एक दिन मिले ये सर्वाधिक मामले हैं। इसी तरह केरल में 1,825 लोगों को संक्रमित पाया गया और 14 मरीजों की मौत हुई। आंध्र प्रदेश में 984 नए मामले सामने आए और दो मरीजों की मौत हुई, वहीं कर्नाटक में 2,566 मामले सामने आए और 13 मरीजों की मौत हुई।

जानकारी

वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?

देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 5,81,09,773 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन 26,05,333 लोगों को वैक्सीन लगाई गई। अभी वैक्सीनेशन अभियान का दूसरा चरण चल रहा है।

वैश्विक स्थिति

दुनियाभर में 12.60 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 12.60 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 27.67 लाख लोगों की मौत हुई है। सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में तीन करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.48 लाख लोगों की मौत हुई है। वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 1.24 करोड़ संक्रमितों में से लगभग 3.07 लाख मरीजों की मौत हुई है संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे स्थान पर है।