कोरोना: देश में बीते दिन मिले 7,189 मरीज, ओमिक्रॉन के 415 मामले
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 7,189 नए मामले सामने आए और 387 मरीजों की मौत दर्ज हुई।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,47,79,815 हो गई है। इनमें से 4,79,520 लोगों की मौत हुई है।
सक्रिय मामलों की संख्या गिरकर 77,032 हो गई है।
देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के भी 415 मामले सामने आ चुके हैं। इसके प्रसार को रोकने के लिए कई राज्यों ने नाइट कर्फ्यू का ऐलान किया है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 7,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 7,286 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,42,23,263 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 98.40 प्रतिशत है।
कोरोना टेस्ट की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,12,195 टेस्ट किए गए हैं। अब तक देश में लगभग 67.10 करोड़ कोरोना टेस्ट किए जा चुके हैं।
कोरोना वायरस
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 66,54,755 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,41,404 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 52,30,891 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 46,203 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 30,03,969 मामलों और 38,305 मौतों के साथ कर्नाटक और 27,42,821 मामलों और 36,714 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 1,410 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 12 मरीजों की मौत हुई।
इसी तरह केरल में 2,605 लोगों को संक्रमित पाया गया और 342 मरीजों की मौत दर्ज हुई। यहां बीते कई महीनों से सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं।
कर्नाटक में 405 मामले सामने आए और चार मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 597 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और सात मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
जानकारी
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
श में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 1,41,01,26,404 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 66,09,113 खुराकें लगाई गईं। 60 प्रतिशत आबादी को दोनों खुराकें लग चुकी हैं।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 27.88 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 27.88 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 53.92 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 5.19 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 8.16 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.22 करोड़ संक्रमितों में से 6.18 लाख मरीजों की मौत हुई है।