
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 81,466 नए मामले, पिछले छह महीने में सबसे अधिक
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 81,466 नए मामले सामने आए और 469 मरीजों की मौत हुई है। ये पिछले छह महीनों में एक दिन में मिले सर्वाधिक मरीज हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 1,23,03,131 हो गई है। इनमें से 1,63,396 लोगों को इस खतरनाक वायरस के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 6,14,696 हो गई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 50,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 50,356 मरीज ठीक हुए।
इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 1,15,25,039 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 93.68 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,13,966 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में 24.59 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य
अगर सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 28,56,163 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 54,898 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 11,27,382 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 4,632 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 10,01,238 मामलों और 12,585 मौतों के साथ कर्नाटक और 9,03,260 मामलों और 7,220 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 43,183 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 249 मरीजों की मौत हुई। राज्य में संक्रमण की तेज रफ्तार के कारण हालात बिगड़ रहे हैं।
इसी तरह केरल में 2,798 लोगों को संक्रमित पाया गया और 11 मरीजों की मौत हुई।
आंध्र प्रदेश में 1,271 नए मामले सामने आए और तीन मरीजों की मौत हुई, वहीं कर्नाटक में 4,234 मामले सामने आए और 18 मरीजों की मौत हुई।
डाटा
बीते दिन लगाई गईं रिकॉर्ड 36.71 लाख खुराकें
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 6,87,89,138 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। बीते दिन रिकॉर्ड 36,71,242 खुराकें लगाई गईं। अभी 45 साल से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 12.88 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 12.95 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 28.27 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 3.05 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 5.53 लाख लोगों की मौत हुई है।
वहीं दूसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 1.28 करोड़ संक्रमितों में से लगभग 3.25 लाख मरीजों की मौत हुई है।
संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे स्थान पर है।