Page Loader
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 30,548 नए मामले, 453 ने तोड़ा दम

कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 30,548 नए मामले, 453 ने तोड़ा दम

Nov 16, 2020
10:15 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 30,548 नए मामले सामने आए और 435 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। दिवाली के मौके पर कम टेस्ट किए जाने के कारण नए मामलों में ये गिरावट आई है। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 88,45,127 हो गई है, वहीं 1,30,070 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 4,65,478 पर आ गई है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

पिछले दिन ठीक हुए लगभग 44,000 मरीज

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 43,851 मरीज ठीक हुए, जो आम दिनों के मुकाबले कम हैं। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 82,49,579 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 93.27 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 8,61,706 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 12.57 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट हो चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं चार सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 17,47,242 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 45,974 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में अब तक 8,61,647 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 11,529 की मौत हुई है। 8,54,011 मामलों और 6,868 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश और 7,58,191 मामलों और 11,478 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

महाराष्ट्र में 3,000 से कम नए मामले

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 2,544 नए सामने सामने आए और 60 लोगों ने दम तोड़ा। राज्य में कई महीने बाद 3,000 से कम नए मामले सामने आए हैं। इसी तरह आंध्र प्रदेश में बीते दिन 1,056 नए मामले सामने आए जो पिछले चार महीनों में सबसे कम हैं। कर्नाटक में 1,565 और तमिलनाडु में 1,819 नए मामले सामने आए और इन दोनों राज्यों में भी स्थिति सुधर रही है।

डाटा

कम टेस्ट के कारण दिल्ली में नए मामलों में गिरावट

देश की राजधानी दिल्ली में बीते दिन 3,235 नए मामले सामने आए और 95 मरीजों ने दम तोड़ा। इसी के साथ शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 4,85,405 हो गई है, वहीं 7,614 मरीजों की मौत हुई है। टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 15.33 प्रतिशत रही।

वैश्विक स्थिति

दुूनियाभर में अब तक 5.43 करोड़ लोग संक्रमित

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 5.43 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 13.16 लाख की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 1.10 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और लगभग 2.46 लाख लोगों की मौत हुई है। यहां पिछले एक हफ्ते में 10 लाख से अधिक मामले सामने आए हैं। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 58.63 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.66 लाख मरीजों की मौत हुई है।