कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 18,346 नए मामले, पिछले सात महीने में सबसे कम
क्या है खबर?
भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 18,346 नए मामले सामने आए और 263 मरीजों की मौत हुई। ये पिछले 209 दिन (लगभग सात महीने) में देश में सामने आए सबसे कम नए मामले हैं।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 3,38,53,048 हो गई है। इनमें से 4,49,260 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या कम होकर 2,52,902 रह गई है।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
बीते दिन ठीक हुए 29,000 से अधिक मरीज
कोरोना वायरस के संक्रमण को हराकर ठीक होने वालों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में 29,639 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ महामारी को हराकर ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 3,31,50,886 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 97.93 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,41,642 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरुआत से अब तक देश में लगभग 57.54 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों पर नजर डालें तो महाराष्ट्र में अब तक 65,62,514 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 1,39,233 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सर्वाधिक प्रभावित राज्य केरल में अब तक 47,29,083 लोगों को संक्रमित पाया गया है और 25,526 मौतें हुई हैं।
इसी तरह 29,78,286 मामलों और 37,832 मौतों के साथ कर्नाटक और 26,69,962 मामलों और 35,666 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य है।
नए मामले और मौतें
कैसे हैं सर्वाधिक प्रभावित राज्यों के हालात?
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 2,026 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 26 मरीजों की मौत हुई।
इसी तरह केरल में 8,850 लोगों को संक्रमित पाया गया और 149 मरीजों की मौत हुई। यहां बीते कई हफ्तों से देश में सर्वाधिक मरीज मिल रहे हैं।
कर्नाटक में 397 मामले सामने आए और 13 मौतें हुईं, वहीं तमिलनाडु में 1,467 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई और 16 मरीजों को अपनी जान गंवानी पड़ी।
डाटा
वैक्सीनेशन अभियान की क्या स्थिति?
देश में चल रहे दुनिया के सबसे बड़े वैक्सीनेशन अभियान की बात करें तो अब तक वैक्सीन की 91,54,65,826 खुराकें लगाई जा चुकी हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, बीते दिन 72,51,419 खुराकें लगाई गईं। धीरे-धीरे वैक्सीनेशन अभियान रफ्तार पकड़ रहा है।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में 23.54 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 23.54 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 48.08 लाख लोगों की मौत हुई है।
सर्वाधिक प्रभावित अमेरिका में 4.38 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और 7.03 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद भारत दूसरा सर्वाधिक प्रभावित देश है।
तीसरे सबसे अधिक प्रभावित देश ब्राजील में 2.15 करोड़ संक्रमितों में से 5.98 लाख मरीजों की मौत हुई है।