इबोला का प्रकोप: भारत में प्रवेश से पहले सभी यात्रियों के लिए एयर सुविधा फॉर्म अनिवार्य
इबोला वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए भारत सरकार ने एक जरूरी फैसला लिया है। अब विमान से भारत आने वाले हर यात्री को अपनी यात्रा से पहले 'एयर सुविधा स्व-घोषणा फॉर्म' भरना अनिवार्य होगा। यह ऑनलाइन फॉर्म आपकी निजी जानकारी और हाल की यात्राओं का ब्योरा मांगता है, ताकि हवाई अड्डे पर उतरने के बाद आपकी स्वास्थ्य जांच आसानी से की जा सके।
एयर सुविधा फॉर्म 24 घंटे के भीतर कराना होगा जमा
भारत पहुंचने से 24 घंटे पहले यह फॉर्म जमा करना जरूरी है। वैसे, वेब चेक-इन करते समय इसे भरना सबसे सुविधाजनक रहेगा। फॉर्म भरते समय अपना पासपोर्ट अपने पास तैयार रखें और पिछले 21 दिनों में की गई सभी यात्राओं की जानकारी देने को तैयार रहें, जिसमें हवाई अड्डे पर रुकना भी शामिल है। अपनी संपर्क जानकारी देना बिल्कुल न भूलें। फॉर्म भरने के बाद पुष्टि पत्र डाउनलोड जरूर कर लें। हवाई अड्डे पर पहुंचने के बाद स्वास्थ्य डेस्क पर इसे दिखाने के लिए कहा जा सकता है। हवाई अड्डे पर मौजूद पोर्ट हेल्थ ऑफिसर आपकी दी गई जानकारी के आधार पर कुछ और जांच भी कर सकते हैं, ताकि सभी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।