Page Loader
भारत में इस साल मानसून में सामान्य से कम बारिश का अनुमान, अल नीनो बनेगा कारण
निजी मौसम एजेंसी के अनुमान के मुताबिक अल नीनो की संभावना से मानसून में सामान्य से कम बारिश रहेगी (प्रतीकात्मक तस्वीर)

भारत में इस साल मानसून में सामान्य से कम बारिश का अनुमान, अल नीनो बनेगा कारण

लेखन गजेंद्र
Apr 10, 2023
02:13 pm

क्या है खबर?

अल नीनो की वजह से भारत में इस साल मानसून के दौरान सामान्य से कम बारिश हो सकती है। यह संभावना निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट ने जताई है। एजेंसी के प्रबंध निदेशक जतिन सिंह ने कहा, "अल नीनो की संभावना बढ़ रही है और मानसून के दौरान इसकी प्रमुख श्रेणी बनने की संभावना है। इसकी वापसी कमजोर मानसून का कारण बन सकती है। भारत में मानसून में दीर्घकालिक औसत का 94 प्रतिशत बारिश होने की उम्मीद है।"

संभावना

भारतीय मौसम विभाग ने अभी जारी नहीं किया अपना पूर्वानुमान

जानकारी के मुताबिक, भारतीय मौसम विभाग ने अभी अपना वार्षिक मानसून पूर्वानुमान जारी नहीं किया है। इसके जारी होने पर सटीक आकलन संभव हो सकेगा। स्काईमेट के मुताबिक, देश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में बारिश की कमी का खतरा रहेगा और पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में दूसरी छमाही के दौरान सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। बता दें कि भारत में चावल, मक्का, गन्ना, कपास और सोयाबीन जून-सितंबर की बारिश पर निर्भर होते हैं।