भारत-जापान के बीच हुई वार्ता, समुद्री सुरक्षा समेत कई मुद्दों पर बनी सहमति
क्या है खबर?
विदेश मंत्री एस जयशंकर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जापान के दौरे पर हैं। वहां उन्होंने चौथे भारत-जापान '2+2' संवाद में हिस्सा लिया और जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी और रक्षा मंत्री शिनजिरो कोइज़ुमी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों देशों ने अपनी रक्षा साझेदारी को और मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाए। दोनों देशों में समुद्री सुरक्षा, रक्षा तकनीक, सैन्य अभ्यास, रक्षा उपकरणों के निर्माण और हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा हुई।
सहमति
दोनों देशों में इन मुद्दों पर बनी सहमति
रक्षा मंत्री राजनाथ ने कहा कि वार्ता में समुद्री सुरक्षा, रक्षा प्रौद्योगिकी और औद्योगिक सहयोग को बढ़ाने के लिए समझौते हुए।
उन्होंने बताया कि भारत-जापान ने समुद्री और हवाई सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। इसमें समुद्री-हवाई क्षेत्र की निगरानी, खोज और बचाव अभियान और सूचनाओं को साझा करना शामिल है।
राजनाथ सिंह ने पिछले साल सुरक्षा सहयोग पर संयुक्त घोषणा का जिक्र करते हुए कहा कि दोनों देशों ने रक्षा साझेदारी में हुई प्रगति की समीक्षा की।
'यूनिकॉर्न' परियोजना
'यूनिकॉर्न' परियोजना पर आगे बढ़ने पर भी बनी सहमति
भारत और जापान ने यूनीकॉर्न (यूनिफाइड कॉम्प्लेक्स रेडियो एंटीना) परियोजना से जुड़े रक्षा समझौतों को तेजी से आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है।
यूनीकॉर्न जापान के समुद्री आत्मरक्षा बल के जहाजों पर लगाया जाने वाला कम दृश्यता वाला संचार एंटीना है। यह भारत और जापान की पहली संयुक्त रक्षा सह-विकास और सह-उत्पादन पहल है।
जुलाई 2026 में इस एंटीना को भारत को निर्यात करने के लिए प्रारंभिक समझौता हुआ था।
मिसाइल
भारत जापान को मिसाइल परीक्षण रेंज के इस्तेमाल की दे सकता है अनुमति
न्यूज18 के मुताबिक, भारत जापान को अपनी लंबी दूरी की मिसाइलों के परीक्षण के लिए भारतीय मिसाइल परीक्षण रेंज का इस्तेमाल करने की अनुमति दे सकता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, जापान भारतीय सुविधाओं का उपयोग जहाज-रोधी मिसाइलों के अभ्यास और ड्रोन संचालन प्रशिक्षण के लिए करने की संभावना तलाश रहा है।
ये भी खबर है कि जापानी बलों की टीमों ने ऐसी गतिविधियों के लिए भारतीय सुविधाओं का दौरा किया है।
बयान
जयशंकर बोले- चुनौतीपूर्ण समय में हमारी साझेदारी अहम
जयशंकर ने कहा, "वैश्विक व्यवस्था को कई झटकों का सामना करना पड़ रहा है, जिन्होंने ऊर्जा, व्यापार, खाद्य और स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। ऐसे में हमारी भरोसेमंद और ठोस साझेदारी और अहम हो जाती हैं।"
वहीं, राजनाथ ने कहा, "2 मजबूत लोकतंत्र होने के नाते भारत-जापान विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को लगातार बढ़ा रहे हैं। साल 2027 भारत-जापान के लिए महत्वपूर्ण होगा, क्योंकि दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की स्थापना के 75 साल पूरे होंगे।