भारतीय सेना में हो रहा बड़ा बदलाव, संयुक्त थिएटर कमांड के दायरे में आएंगी तीनों सेना
भारत अपने सैन्य ढांचे में एक बड़ा बदलाव करने जा रहा है। इसके तहत भारतीय सेना, नौसेना और वायुसेना को संयुक्त थिएटर कमांड के दायरे में लाया जाएगा। यह प्रस्ताव जल्द ही रक्षा मंत्री की टेबल पर होगा और इसके बाद सुरक्षा संबंधी कैबिनेट कमेटी (CCS) से भी हरी झंडी लेनी होगी। इस कदम से चीन की सीमा, पाकिस्तान का मोर्चा और समुद्री इलाकों जैसे अहम क्षेत्रों की जिम्मेदारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाएगी। इससे तीनों सेनाएं सिर्फ आपात स्थिति में ही नहीं, बल्कि हर समय बेहतर तालमेल के साथ काम कर पाएंगी।
थिएटरइजेशन की पहल की अगुवाई कर रहे हैं एनएस राजा सुब्रमण्यम
इस सुधार को 'थिएटरइजेशन' नाम दिया गया है। इसका मकसद आधुनिक युद्धों में सशस्त्र सेनाओं को और तेज और बेहतर तालमेल के साथ काम करने में सक्षम बनाना है। यह विचार कारगिल युद्ध के बाद से ही चर्चा में रहा है, लेकिन अलग-अलग सेनाओं के बीच कमान के अधिकार को लेकर मतभेदों की वजह से इसमें देरी होती रही। अब चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एनएस राजा सुब्रमण्यम के नेतृत्व में इस दिशा में काम आगे बढ़ रहा है। ऐसे में भारत को आजादी के बाद से सबसे बड़ा सैन्य सुधार देखने को मिल सकता है। हालांकि, इसे पूरी तरह लागू होने में अभी कुछ साल लगेंगे।