जनगणना 2027: भारत में जारी हुआ 4,102 करोड़ का बजट, पहली बार होगी जाति गणना
भारत में जनगणना 2027 का पहला चरण शुरू हो गया है। इसके लिए सरकार ने 4,102 करोड़ रुपये का बड़ा फंड जारी किया है। इस शुरुआती चरण में घरों की मैपिंग और उनसे जुड़ी जानकारी इकट्ठा की जा रही है। ज्यादातर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों ने यह काम पूरा कर लिया है, जबकि बाकी बचे हुए इलाकों में इसे इस साल सितंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है।
जनगणना 2027 में पहली बार जाति गणना शामिल
इस बजट से जनगणना कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जरूरी बुनियादी ढांचा तैयार किया जा रहा है और जनगणना कार्यकर्ताओं को वेतन भी दिया जाएगा। इसके बाद जनसंख्या गणना का काम शुरू होगा, जिसकी शुरुआत 1 सितंबर 2026 से होगी। यह गणना लद्दाख केंद्र शासित प्रदेश के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के उन दूरदराज और बर्फ से ढके इलाकों में पहले शुरू होगी, जहां भौगोलिक मुश्किलों या मौसम की वजह से जनगणना पूरे देश के साथ एक ही समय पर नहीं हो पाती है। इस जनगणना में आजाद भारत के इतिहास में पहली बार जाति की गिनती भी की जाएगी। हर व्यक्ति से जुड़ी करीब 40 तरह की जानकारी इसमें इकट्ठा की जाएगी।