भारत ने मध्य-पूर्व संघर्ष पर जताई गहरी चिंता, सभी पक्षों से की संयम बरतने की अपील
क्या है खबर?
इजरायल के अमेरिका के साथ मिलकर ईरान पर हमला करने के बाद मध्य-पूर्व देशों में बढ़े तनाव पर भारत ने पहली प्रतिक्रिया जारी की है। भारत ने मौजूदा तनाव पर गहरी चिंता जताते हुए सभी पक्षों से नागरिक सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ संवाद और कूटनीति के माध्यम से तनाव को हल करने का आग्रह किया है। सरकार ने क्षेत्र में स्थित अपने सभी दूतावासों को भारतीय नागरिकों के संपर्क में रहने और उनकी मदद करने को कहा है।
बयान
विदेश मंत्रालय ने क्या जारी किया बयान?
विदेश मंत्रालय ने मध्य-पूर्व के तनाव पर कहा, 'भारत ईरान और खाड़ी क्षेत्र में हाल के घटनाक्रमों से बेहद चिंतित है। हम सभी पक्षों से संयम बरतने, तनाव को बढ़ने से रोकने और नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह करते हैं।' मंत्रालय ने आगे कहा, 'तनाव कम करने और मूल मुद्दों को सुलझाने के लिए संवाद और कूटनीति का सहारा लिया जाना चाहिए। सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान किया जाना चाहिए।'
सुरक्षा
भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर भी दिया बयान
विदेश मंत्रालय ने कहा कि क्षेत्र में स्थित भारतीय दूतावास भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं और उन्होंने उन्हें सतर्क रहने के लिए सलाह जारी की है। बयान में कहा गया है, 'क्षेत्र में स्थित हमारे मिशन भारतीय नागरिकों के संपर्क में हैं और उन्होंने उचित सलाह जारी करते हुए उनसे सतर्क रहने, मिशनों के संपर्क में रहने और स्थानीय सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करने को कहा है। आवश्यकता पड़ने पर नागरिकों की हरसंभव मदद की जाएगी।'
अपील
भारतीय छात्रा ने सरकार से की मदद की अपील
इससे पहले तेहरान से एक भारतीय छात्रा ने सोशल मीडिया के जरिए सरकार से मदद की अपील की है। छात्रा ने वीडियो में कहा, "मैं एक भारतीय छात्र हूं और इस समय तेहरान में हूं। यहां हालात बहुत खराब हैं। हमें बिल्कुल नहीं पता कि आगे क्या होने वाला है। हम भारत सरकार और विदेश मंत्रालय के आभारी हैं कि वे हमारी सुरक्षा को लेकर बातचीत कर रहे हैं, लेकिन ऐसे समय में तेजी से कार्रवाई करना बहुत जरूरी है।"
हालात
छात्रा ने कही स्थिति के डरावनी होने की बात
छात्रा ने वीडियो में आगे कहा, "यहां लगातार हवाई हमले हो रहे हैं और स्थिति हमारे लिए और भी डरावनी होती जा रही है। हम बस यही अनुरोध करते हैं कि हमारी जल्द और साफ तौर पर निकासी की व्यवस्था की जाए। कृपया हालात और बिगड़ने का इंतजार न करें। हमारी मदद कीजिए और हमें जितनी जल्दी हो सके यहां से सुरक्षित निकाल लीजिए।" इसी तरह बहरीन में भी भारतीय नागरिक सरकार से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
हमला
इजरायल के हमले के बाद लगातार बढ़ रहा है तनाव
इजरायल ने अमेरिका के साथ मिलकर राजधानी तेहरान, करमानशाह, लोरेस्टन, तबरीज, इस्फहान और करज शहरों पर हमले किए हैं। तेहरान में सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के कार्यालय के पास भी धमाका हुआ है। इसके बाद ईरान ने भी मध्य-पूर्व में स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डों को अपना निशाना बनाया है। लगातार बिगड़ते हालातों के बीच 10 से अधिक एयरलाइंस कंपनियों ने मध्य-पूर्व के लिए अपनी उड़ाने निलंबित कर दी। इससे स्थिति और खराब हो गई है।