
कोरोना वायरस: देश में बीते दिन 36,652 नए मामले, कुल संक्रमितों की संख्या 96 लाख पार
क्या है खबर?
भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 36,652 नए मामले सामने आए और 512 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा।
इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 96 लाख के आंकड़े को पार करके 96,08,211 हो गई है, वहीं 1,39,700 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है।
सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 4,09,689 हो गई है। देश में पिछले कई दिन से सक्रिय मामले घट रहे हैं।
रिकवरी रेट और टेस्टिंग
पिछले 24 घंटे में ठीक हुए 42,533 मरीज
ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 42,533 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 90,58,822 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 94.28 प्रतिशत है।
इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,57,763 टेस्ट किए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 14.59 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट किए जा चुके हैं।
राज्यों की स्थिति
ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 18,42,587 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 47,599 लोगों की मौत हुई है।
दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में अब तक 8,90,360 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 11,834 लोगों की मौत हुई है।
8,70,675 मामलों और 7,020 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश और 7,87,554 मामलों और 11,762 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।
नए मामले
सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में स्थिति काबू में
नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 5,229 लोगों को संक्रमित पाया गया, वहीं 127 मरीजों की मौत हुई।
तमिलनाडु में पिछले 24 घंटे में 1,391 लोगों को संक्रमित पाया गया जो राज्य में पिछले छह महीने में एक दिन में सामने आए सबसे कम मामले हैं।
कर्नाटक में 1,247 और आंध्र प्रदेश में 599 नए मामले सामने आए।
इन सभी राज्यों में स्थिति काबू में बनी हुई है।
डाटा
दिल्ली में टेस्ट पॉजिटिविटी रेट पांच प्रतिशत से कम
देश की राजधानी दिल्ली में बीते दिन 4,067 नए मामले सामने आए और 73 मरीजों ने दम तोड़ा। इसी के साथ शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 5,86,125 हो गई है, वहीं 9,497 मरीजों की मौत हुई है। टेस्ट पॉजिटिविटी रेट 4.78 प्रतिशत रही।
वैश्विक स्थिति
दुनियाभर में अब तक 6.58 करोड़ लोग संक्रमित
जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 6.58 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 15.18 लाख की मौत हुई है।
सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 1.44 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और लगभग 2.80 लाख लोगों की मौत हुई है। अमेरिका एकमात्र ऐसा देश है जो भारत से अधिक प्रभावित है।
तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 65.34 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.76 लाख मरीजों की मौत हुई है।