Page Loader
कोरोना वायरस: भारत में संक्रमितों की संख्या 29 लाख पार, बीते दिन 68,898 नए मामले

कोरोना वायरस: भारत में संक्रमितों की संख्या 29 लाख पार, बीते दिन 68,898 नए मामले

Aug 21, 2020
10:37 am

क्या है खबर?

भारत में पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 68,898 नए मामले सामने आए और 983 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। ये अब तक एक दिन में सामने आए दूसरे सबसे अधिक मामले हैं। कल 69,652 मामले सामने आए थे। इसी के साथ देश में कुल मामलों की संख्या 29,05,823 हो गई है, वहीं 54,849 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या 6,92,028 हो गई है।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

पहली बार एक दिन में ठीक हुए 60,000 से अधिक मरीज

अगर ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो पिछले 24 घंटे में देशभर में कोरोना के 62,282 मरीज ठीक हुए जो अब तक एक दिन में सबसे अधिक हैं। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 21,58,946 हो गई है और देश की रिकवरी रेट 74.29 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 8,05,985 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआथ से अब तक देश में 3.34 करोड़ टेस्ट किए जा चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र पहले स्थान पर बना हुआ है। यहां अब तक 6,43,289 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 21,359 मरीजों की मौत हुई है। वहीं दूसरे स्थान पर काबिज तमिलनाडु में अब तक 3,61,435 मामले सामने आए हैं और 6,239 मरीजों की मौत हुई है। 3,001 मौत और 325,396 मामलों के साथ आंध्र प्रदेश और 4,429 मौत और 2,56,975 मामलों के साथ कर्नाटक अगले दो सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य हैं।

नए मामले

महाराष्ट्र में फिर रिकॉर्ड नए मामले

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 14,492 नए मामले सामने आए और 326 मरीजों की मौत हुई। ये राज्य में एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। वहीं आंध्र प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 9,393 और तमिलनाडु में 5,986 नए मामले सामने आए। कर्नाटक में बीते दिन 7,385 नए मामले सामने आए। इससे पहले कल राज्य में अब तक एक दिन में सबसे अधिक 8.642 नए मामले सामने आए थे।

डाटा

दिल्ली में बीते दिन 1,215 नए मामले, 22 मौतें

देश की राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां अब तक 1,57,354 लोगों को इस खतरनाक वायरस से संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 4,257 लोगों की मौत हुई है। शहर में पिछले 24 घंटे में 1,215 नए मामले सामन आए और 22 मौतें हुईं।

वैश्विक स्थिति

ये है पूरी दुनिया की स्थिति

पूरी दुनिया की बात करें तो 'जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी' के अनुसार, अब तक 2.25 करोड़ संक्रमित हो चुके हैं, वहीं 7.92 लाख लोगों की मौत हुई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में लगभग 55.73 लाख लोग संक्रमित हुए हैं और 1.74 लाख लोगों की मौत हुई है। वहीं ब्राजील में 35.01 लाख संक्रमितों में से 1.12 लाख मरीजों की मौत हुई है। संक्रमितों की संख्या के मामले में भारत तीसरे और मौतों के मामले में चौथे स्थान पर है।