Page Loader
लद्दाख: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने चीन की सुनियोजित कार्रवाई को ठहराया हिंसा के लिए जिम्मेदार

लद्दाख: विदेश मंत्री एस जयशंकर ने चीन की सुनियोजित कार्रवाई को ठहराया हिंसा के लिए जिम्मेदार

Jun 17, 2020
06:31 pm

क्या है खबर?

पूर्वी लद्दाख में भारत और चीन के सैनिकों के बीच सोमवार रात को हुई हिंसक झड़प से उपजे तनाव के बीच बुधवार को भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने फोन पर बात की है। इसमें दोनों ने लद्दाख झड़प के बाद सीमा पर बने तनावपूर्ण हालातों पर चर्चा की। इस दौरान जयशंकर ने सीमा पर हुई हिंसा के लिए चीनी सेना की ओर से की गई सुनियोजित कार्रवाई को जिम्मेदार ठहराया।

दावा

चीन ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए समझौतों के उल्लंघन का इरादा दर्शाया- जयशंकर

विदेश मंत्री जयशंकर ने चीन द्वारा भारतीय सैनिकों के सीमा पार करने के दावों को खारिज करते हुए कहा कि चीनी सेना की ओर से की गई सुनियोजित कार्रवाई के चलते सीमा पर हिंसा हुई थी। इस कार्रवाई ने चीन द्वारा दोनों देशों के बीच हुए समझौतों के उल्लंघन के इरादे को दर्शाया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों को समझौतों का पालन करना चाहिए। भारत हमेशा से ही चीन के साथ सीमा पर शांति के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

आरोप

चीनी विदेश मंत्री ने भारत पर लगाए सीमा पार करने के आरोप

समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार चीनी विदेश मंत्री वांग यी ने भारतीय सैनिकों पर सीमा पार करते हुए दोनों देशों के बीच समझौतों के उल्लंघन का आरोप लगाया। उन्होंने भारत से आग्रह किया है कि वह संघर्ष के लिए जिम्मेदार लोगों को गंभीर रूप से दंडित करे और अपने सीमावर्ती सैनिकों को नियंत्रित करे। इसके अलावा उन्होंने भारतीय सैनिकों को चीनी सैनिकों की ओर उत्तेजक इशारे करने से रोकने की भी अपील की है।

जानकारी

चीनी प्रवक्ता ने भी बातचीत से हल निकालने की जताई मंशा

दोनों विदेश मंत्रियों के फोन पर बात करने से पहले चीनी प्रवक्ता ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत से इस मुद्दे को हल करने की इच्‍छा जताई थी। उन्होंने कहा था कि दोनों पक्ष लगातार बातचीत कर इस समस्या का हल निकाल सकते हैं।

चेतावनी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन को दिया कड़ा संदेश

सीमा पर हुए विवाद के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी चीन को कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि सैनिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। किसी को भी संदेह में नहीं रहना चाहिए। भारत शांति चाहता है, लेकिन जब उसे उकसाया जाता है तो वह उचित जवाब देने में भी सक्षम होता है। चाहे वह किसी भी स्थिति में हो। इससे साफ है कि भारत अपनी संप्रभुता की रक्षा करने में पूरी तरह से सक्षम है।

झड़प

चीनी सेना से हुई झड़प में शहीद हुए 20 सैनिक

पूर्वी लद्दाख में चीनी सैनिकों के साथ हुई हिंसक झड़प में 20 भारतीय सैनिकों शहीद हो गए थे। जबकि चार सैनिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। झड़प में चीन के भी करीब 43 सैनिकों की जान जाने की खबरें हैं। यह हिंसक झड़प उस समय शुरू हुई जब भारतीय सैनिक सीमा के भारत की तरफ चीनी सैनिकों द्वारा लगाए गए टेंट को हटाने गए थे। उस दौरान चीनी सैनिकों ने पत्थर, रॉड और कंटीले तारों से हमला कर दिया।