रूसी सेना में अब तक हुई 51 भारतीयों की मौत, 55 लापता; भारत ने की तत्काल वापसी की अपील
भारत अपने उन नागरिकों को वापस लाने की कोशिश में लगा है, जो रूस के सशस्त्र बलों में किसी न किसी तरह शामिल हो गए थे। सामने आई जानकारी के मुताबिक, कुल 227 भारतीयों में से करीब 140 को अब तक सेवामुक्त किया जा चुका है, लेकिन बचे हुए 55 भारतीयों का क्या हुआ, यह अभी साफ नहीं हो पाया है। इन सबके बीच सबसे दुखद खबर यह है कि अब तक 51 भारतीयों की मौत की पुष्टि भी हुई है। अब भारत सरकार ने मॉस्को से इस पूरी प्रक्रिया को जल्द पूरा करने के लिए मदद का आग्रह किया है।
विक्रम मिसरी बोले- काम में प्रगति हुई और एजेंटों की जांच हो रही है
भारतीय अधिकारी रूस के साथ लगातार बातचीत कर रहे हैं ताकि बचे हुए नागरिकों को जल्द से जल्द रिहा करवाया जा सके। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बताया कि इस दिशा में लगातार प्रगति हो रही है। इसके अलावा भारत में भी उन एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिनकी वजह से ये भारतीय नागरिक इस मुश्किल में फंसे। सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता अब यही है कि सभी भारतीयों को जल्द से जल्द सुरक्षित वापस लाया जा सके।