LOADING...
कोरोना वायरस: देश में सक्रिय मामले पांच लाख से नीचे, 80 लाख से अधिक हुए ठीक

कोरोना वायरस: देश में सक्रिय मामले पांच लाख से नीचे, 80 लाख से अधिक हुए ठीक

Nov 11, 2020
09:38 am

क्या है खबर?

भारत में बीते दिन कोरोना वायरस से संक्रमण के 44,281 नए मामले सामने आए और 512 मरीजों ने इसकी वजह से दम तोड़ा। इसी के साथ देश में कुल संक्रमितों की संख्या 86,36,011 हो गई है, वहीं 1,27,571 लोगों को इस खतरनाक वायरस के संक्रमण के कारण अपनी जान गंवानी पड़ी है। सक्रिय मामलों की संख्या पांच लाख से नीचे 4,94,657 पर आ गई है। बता दें कि मध्य सितंबर में देश में लगभग 10.17 लाख सक्रिय मामले थे।

रिकवरी रेट और टेस्टिंग

ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 80 लाख पार

ठीक होने वाले मरीजों की बात करें तो बीते दिन देशभर में कोरोना वायरस के 50,326 मरीज ठीक हुए। इसी के साथ ठीक होने वाले मरीजों की कुल संख्या 80 लाख के आंकड़े को पार करके 80,13,783 हो गई है। देश की रिकवरी रेट 92.79 प्रतिशत है। इसके अलावा पिछले 24 घंटे में देशभर में 11,53,294 टेस्ट किए गए गए। महामारी की शुरूआत से अब तक देश में लगभग 12.08 करोड़ कोरोना वायरस टेस्ट हो चुके हैं।

राज्यों की स्थिति

ये हैं चार सबसे अधिक प्रभावित राज्य

सबसे अधिक प्रभावित राज्यों की बात करें तो महाराष्ट्र में अब तक 17,26,926 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है और 45,435 लोगों की मौत हुई है। दूसरे सबसे अधिक प्रभावित राज्य कर्नाटक में अब तक 8,51,212 लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है, वहीं 11,430 की मौत हुई है। 8,46,245 मामलों और 6,814 मौतों के साथ आंध्र प्रदेश और 7,48,225 मामलों और 11,387 मौतों के साथ तमिलनाडु अगले दो सबसे अधिक प्रभावित राज्य हैं।

Advertisement

नए मामले

महाराष्ट्र में कई महीने बाद एक दिन में 50 से कम मौतें

नए मामलों की बात करें तो महाराष्ट्र में बीते दिन 3,791 नए सामने सामने आए और 46 लोगों ने दम तोड़ा। ये पिछले कई महीनों में एक दिन में हुई सबसे कम मौतें हैं। इसी तरह कर्नाटक में बीते दिन 2,362 नए मामले सामने आए। वहीं आंध्र प्रदेश में 1,836 और तमिलनाडु में 2,147 नए मामले सामने आए और इन दोनों राज्यों में भी स्थिति सुधरती हुई नजर आ रही है।

Advertisement

डाटा

दिल्ली में बीते दिन रिकॉर्ड नए मामले

दिल्ली में बीते दिन 7,830 नए मामले सामने आए, जो अब तक एक दिन में सामने आए सबसे अधिक मामले हैं। इसके अलावा 83 मरीजों ने दम तोड़ा। शहर में कुल संक्रमितों की संख्या 4,51,382 हो गई है, वहीं 7,143 मरीजों की मौत हुई है।

वैश्विक स्थिति

अमेरिका में बीते दिन सामने आए दो लाख से अधिक नए मामले

जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी के मुताबिक, दुनियाभर में अब तक लगभग 5.13 करोड़ लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं, वहीं मरने वालों की संख्या 12.70 लाख हो गई है। सबसे अधिक प्रभावित अमेरिका में 1.02 करोड़ लोग संक्रमित हो चुके हैं और लगभग 2.40 लाख लोगों की मौत हुई है। यहां बीते दिन रिकॉर्ड दो लाख मामले सामने आए। तीसरे नंबर पर काबिज ब्राजील में 56.99 लाख संक्रमितों में से लगभग 1.63 लाख मरीजों की मौत हुई है।

Advertisement