स्वतंत्रता दिवस 2026: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को किया संबोधित, जानिए भाषण की बड़ी बातें
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दिल्ली स्थित लाल किले की प्राचीर से लगातार 13वीं बार ध्वजारोहण किया। उन्होंने देश को संबोधित करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि देश की हर धड़कन आज 'वंदे मातरम' से गूंज रही है। उन्होंने कहा कि देश में स्वतंत्रता की अलख जगाने वाले स्तंत्रता सेनानियों को मैं दिल से नमन करता हूं। आज लाल किले पर पहली बार 'वंदे मातरम' गूंज रहा है।
संकल्प
नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ रहा भारत- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज देश नए संकल्पों को लेकर आगे बढ़ रहा है। हर घर तिरंगा है, हर मन तिरंगा है। आज ऐतिहासिक पल है। आजादी के बाद 15 अगस्त को लाल किले पर पहली बार 'वंदे मातरम' गूंज रहा है, तो इससे बड़ा उत्तम अवसर क्या हो सकता है।"
उन्होंने कहा, "स्वतंत्रता दिवस के इस मौके पर मैं पूज्य बापू समेत सभी स्वतंत्रता सेनानियों को, बलिदान की परंपरा जगाने वाले महान क्रांतिकारियों को श्रद्धा पूर्वक नमन करता हूं।"
समर्थन
बाढ़ पीड़ितों के प्रति जताया समर्थन
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मेरे प्यारे देशवासियों, पिछले दिनों देश के कुछ हिस्सों में बाढ़ का प्रकोप रहा, भूस्खलन का प्रकोप रहा। अनेक परिवार प्रभावित हुए। उनके दुख-दर्द को हम भलि-भांति अनुभव करते हैं। पीड़ित परिवारों को विश्वास दिलाता हूं कि हम और पूरा देश उनके साथ खड़े हैं।"
उन्होंने कहा, "कोई भी राष्ट्र तब महान बनता है, तब अपनी सिद्धियों को प्राप्त करता है। अब छोटे सपनों से काम नहीं चलेगा, हमें बड़े सपने देखने होंगे।"
सपना
भारत ने 2047 तक विकसित बनने का सपना देखा- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज भारत ने बहुत बड़ा सपना देखा है। वो सपना है, जब आजादी के 100 साल होंगे यानी 2047 में हम विकसित भारत बनाकर रहेंगे। 140 करोड़ देशवासियों को पुरुषार्थ से इस लक्ष्य को हासिल करना है।"
उन्होंने कहा, "सबसे बड़ी आबादी वाला देश जब ऐसा संकल्प लेता है तो यह दुनिया की नजरों में भी हमारी साहस का परिचायक बन जाता है। दुनिया हमारी तरफ देखने का नजरिया बदलने को मजबूर हो जाती है।"
विकास
भारत ने पिछले 12 साल में पकड़ी विकास की रफ्तार- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "2014 तक पूरे विश्व ने हमें फ्रेजाइल-5 में डंप कर दिया था। उन हालात के बीच भारत ने पिछले 12 साल में रफ्तार पकड़ी है। तेज गति से अब हम आगे बढ़ रहे हैं। पिछले 12 वर्ष में रक्षा उद्योग 4 गुना बढ़ा, इलेक्ट्रॉनिक उत्पादन 7 गुना बढ़ा। रेलवे कोच का उत्पादन 21 गुना बढ़ा, डिजिटल-इनोवेशन की दुनिया में हमने अपना परचम लहराया। इंटरनेट कंज्यूमर 4 गुना बढ़े और डिजिटल लेन-देन करीब 100 गुना बढ़ गए।"
जानकारी
12 साल में 25 करोड़ देशवासी गरीबी से बाहर निकले
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "बीते 12 वर्षों में देशवासियों ने एक संकल्प और समर्पण के साथ देश को नई ऊंचाइयों पर ले जाने में प्रयास किया है। यही कारण है कि इतने कम समय में 25 करोड़ से अधिक देशवासी गरीबी से बाहर निकले हैं।"
विकास
आधुनिक भारत की दिशा में तेजी से बढ़ रहा भारत
प्रधानमंत्री मोदी ने आधुनिक भारत पर कहा, "आज सेमीकंडक्टर के बिना काम नहीं चल सकता है। ऐसे में भारत में 3 बड़े सेमीकंडक्टर प्लांट में काम करना शुरू कर दिया है। भारत खुद को क्रिटिकल मिनरल्स में सुरक्षित बना रहा है।"
उन्होंने कहा, "पूरी टेक्नोलॉजी क्रिटिकल मिनिरल्स पर निर्भर है। भारत इसमें भी अपने आप को सुरक्षित करने में जुटा है। क्रिटिकल मिनिरल्स कॉरिडोर की घोषणा हो चुकी है और कई देशों के साथ करार किए जा रहे हैं।"
जानकारी
2047 तक 100 गिगावाट परमाणु ऊर्जा का लक्ष्य
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भारत आने वाले समय में ऊर्जा क्रांति का साक्षी बनेगा। कुछ सालों में भारत 100 गिगावाट परमाणु ऊर्जा का उत्पादन करने लगेगा। इसके लिए हम 5 परमाणु रिएक्टर शुरू करने का लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।"
निर्भरता
"कच्चे तेल पर निर्भरता हमारी गलत सोच के कारण"
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "कई बार संसाधनों की कमी के कारण देश रुकता नहीं है, लेकिन रुकने का कारण सोच की सीमाएं होती है। वर्तमान में देश को कच्चे तेल पर निर्भर रहना पड़ रहा है और यह हमारी गलत सोच के कारण ही है।"
उन्होंने कहा, "हमने समुद्र तट पर 99 फीसदी हिस्सा लो ग्रो घोषित कर रखा था, लेकिन हमने उसे ग्रो अहेड एरिया घोषित कर दिया। हम समुद्र में नए भंडार खोजने की दिशा में प्रयासरत्त हैं।"
प्रयास
40 देशों के साथ FTA कर रहा भारत- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "भारत 40 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते (FTA) कर रहा है। इससे भारत का व्यवसाय और निर्यात बढ़ने की संभावना है।"
उन्होंने कहा, "हमने पिछले साल 'समुद्र मंथन' की घोषणा की थी। इसके लिए 85,000 करोड़ रुपये आवंटित कर दिए गए हैं। हमें ऊर्जा के अन्य विकल्प स्रोतों की तरफ भी पूरी शक्ति लगाना बहुत जरूरी है। इसलिए ऊर्जा का सही इस्तेमाल बढ़ाते हुए भारत इसी दिशा में आज तेजी से काम कर रहा है।"
बदलाव
देश के 700 शहरों में पहुंची गैस पाइपलाइन
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 2014 से पहले देश में सिर्फ 70 शहरों में 20-22 लाख घरों तक पाइप से गैस की व्यवस्था थी, लेकिन अब इन शहरों की संख्या 700 और घरों की संख्या 1.75 करोड़ पहुंच गई है।
इसी तरह सौर ऊर्जा क्षमता भी 2 से बढ़कर 160 गीगावॉट पहुंच गई है। आज देश के 50 लाख घरों में सौर ऊर्जा पहुंच चुकी है।
इस दौरान उन्होंने रेलवे में 100 प्रतिशत इलेक्ट्रिफिकेशन किए जाने का भी दावा किया।
आह्वान
प्रधानमंत्री मोदी ने किया शक्ति की 'सप्तधारा' का आह्वान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमें भारत को विकसित बनाने के लिए नई धारा चाहिए। मैं देश से शक्ति की सप्तधारा का आह्वान करता हूं। आने वाले 5-7 साल में सप्तधारा के सामर्थ्य से हम देश को नई ऊंचाई, नई गति देंगे और नए लक्ष्य हासिल करने में समर्थ होंगे।"
उन्होंने रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनने पर जोर देते हुए कहा, "हमें ड्रोन, काउंटर ड्रोन सिस्टम को विकसित करना होगा। हाइपरसोनिक रक्षा तकनीक और सारबर सुरक्षा में आगे बढ़ना होगा।"
ऐलान
प्रधानमंत्री मोदी ने छात्रों के लिए फ्री ऑनलाइन कोचिंग का किया ऐलान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "मध्य वर्ग के लोगों की समस्या बच्चों को कोचिंग दिलाना है। कोचिंग के बिना छात्र खुद को पिछड़ता हुआ मानने लगते हैं, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। छात्रों को फ्री में कोचिंग सुविधा दी जाएगी। इसके लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया जा रहा है।"
उन्होंने आने वाले एक वर्ष में एक करोड़ लोगों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) कौशल देने के लिए काम करने का भी ऐलान किया। इससे युवा AI की दुनिया में आगे बढ़ सकेंगे।
खुलासा
इलेक्ट्रिक वाहनों की ब्रिकी में बढ़ोतरी का खुलासा किया
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश में पहले केवल 60,000 करोड़ का बायोइकोनॉमी का काम होता था। वह 2014 के बाद 20 लाख करोड़ पर पहुंच चुका है। 2009-10 में सिर्फ 1.5 लाख इलेक्ट्रिक वाहन देश में बिके थे, लेकिन अब इनकी संख्या 25 लाख पहुंच गई है।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति लागू की गई है। 2014 तक देश में 50 विश्वविद्यालय थे और अब 650 हो गए हैं। मेडिकल सीटों की संख्या भी 850 हो गई है।
नक्सलवाद
माओवाद-नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में बढ़ रहा देश- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "माओवाद और नक्सलवाद ने देश के कई परिवारों को बर्बाद किया। 2014 में हमने इसे खत्म करने का संकल्प किया था और आज हम दिशा में हैं। आज नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विश्वास, प्रयास और विकास का तिरंगा लहरा रहा है।"
उन्होंने कहा, "हथियार वाले नक्सली तो गए, लेकिन दिमाग वाले नक्सल देश में हैं। यह देश को हिंसा में घसीटने की कोशिश में जुटे हैं। हमें इन दिमागी नक्सलियों को पहचानकर अलग-थलग करना ही होगा।"
जानकारी
नागरिक रक्षा का बड़ा नेटवर्क खड़ा करने का ऐलान
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमें देश की सुरक्षा के लिए नागरिकों को भी आगे लाना है। मैं ऐलान करता हूं कि हम जल्द ही नागरिक रक्षा (सिविल डिफेंस) का बड़ा नेटवर्क खड़ा करेंगे, जो आधुनिक चुनौतियों का सामना करेगा। इसमें युवाओं की बड़ी भागीदारी होगी।"
अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष से की खास अपील
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "हमने संसद में महिला शक्ति को बल देने के लिए नारी शक्ति वंदन अधिनियम पेश किया था। मैं सभी राजनीतिक दलों से आग्रह कर रहा हूं कि महिलाओं के समार्थ्य के पुजारी बनिए। इसे लागू कर के आप भी उन्हें आगे बढ़ाने का श्रेय लीजिए, लेकिन हमारी नारी शक्ति को बल दीजिए।"
इस दौरान उन्होंने देश के युवाओं से जनगणना 2027 में सहयोग करते हुए अपनी और परिवार की संपूर्ण जानकारी भरने की भी अपील की।