दुर्गा पूजा से पहले बंगाल में महाछापा, 500 किलो बासी चिकन-झींगा जब्त
दुर्गा पूजा से ठीक पहले पश्चिम बंगाल के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने असुरक्षित खाने के खिलाफ सख्त अभियान चला रखा है। ताजा कार्रवाई में, टेंगरा के बिग बॉस रेस्टोरेंट में छापा मारा गया। यहां अधिकारियों को करीब 500 किलो बासी कच्चा चिकन और झींगा मिला, जिसके बाद रेस्टोरेंट को फौरन बंद कर दिया गया। इसके अलावा, उत्तर 24 परगना के बादुरिया से भी जांच टीम ने 40 किलो सड़ा हुआ मांस पकड़ा।
सुवेंदु अधिकारी ने फूड सेफ्टी वीक की शुरुआत की
ये सभी जांचें फूड सेफ्टी वीक (1-8 सितंबर) के तहत की जा रही हैं, जिसकी शुरुआत मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने की थी। हुगली, शक्तिगढ़ और पूर्वी मिदनापुर में हुए दौरों में मिठाइयों में गुलाल का इस्तेमाल, अस्वच्छ रसोई और ढाबों पर खाने की चीजों को गलत तरीके से रखने जैसे मामले सामने आए। सरकार ने ऐसे मामलों में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाने की बात कही है। त्योहारों में लोगों को सुरक्षित खाना मिले, इसके लिए की जा रही कार्रवाई के तहत एक लाइसेंस रद्द किया गया है और एक नोटिस भी भेजा गया है।