वृंदावन नाव हादसा: 16 की मौत! 'लाइफ जैकेट होती तो बच जातीं जान...' सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल
वृंदावन में एक नाव पलट गई, जिसमें 16 लोगों की जान चली गई। मरने वालों में पंकज मल्होत्रा और उनके परिवार के दो सदस्य भी शामिल हैं। ये सभी लोग पंजाब से वृंदावन में तीर्थयात्रा के लिए आए थे। बताया जा रहा है कि नाव में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे। नाव एक तैरते हुए पुल से लगे लोहे के ड्रम से टकराई और देखते ही देखते कुछ ही पलों में पलट गई।
लाइफ जैकेट की कमी ने सुरक्षा पर उठाए सवाल
वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि नाव पर किसी ने भी लाइफ जैकेट नहीं पहना था। पंकज के पिता ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा, "मेरा बेटा मिल गया है। पोस्टमार्टम होने के बाद हम उसके अंतिम संस्कार के लिए घर जाएंगे। उसकी पत्नी और दो छोटे बच्चे घर पर उसका इंतजार कर रहे हैं। उस नाव पर कोई सुरक्षा इंतजाम नहीं था—ना लाइफ जैकेट, ना कुछ और।" इस दुखद घटना ने अब यमुना में तीर्थयात्रियों को ले जाने वाली नावों की बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।