तेलंगाना: ग्रामीणों ने पुलिस पर किया हमला, 5 पुलिसकर्मी घायल; सरपंच समेत 20 गिरफ्तार
तेलंगाना के आदिलाबाद जिले के वैपेट गांव में 10 अक्टूबर को माहौल तब गरमा गया, जब नशीली दवाओं से जुड़े मामले की जांच करने गई पुलिस टीम पर स्थानीय लोगों ने हमला कर दिया।
इस हमले में 5 पुलिसकर्मी घायल हो गए। उन्हें पत्थरबाजी का भी सामना करना पड़ा और उन्हें सरपंच के घर में बंधक बना लिया गया।
इस पूरी झडप में एक पुलिस वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया।
पुलिस ने 13 अक्टूबर तक इस मामले में सरपंच सहित 20 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
भारतीय न्याय संहिता और सार्वजनिक संपत्ति क्षति का मामला दर्ज
पुलिस अधिकारियों पर हमला करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अधीक्षक अखिल महाजन ने साफ तौर पर कहा है कि पुलिस पर हमला करने या सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस पूरे मामले की जांच इचोडा पुलिस इंस्पेक्टर की अगुवाई में लगातार जारी है।