पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन के ठिकानों पर ED का शिकंजा, जानिए क्या हैं आरोप
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पश्चिम बंगाल के तृणमूल कांग्रेस (TMC) के पूर्व मंत्री इंद्रनील सेन से जुड़ी कई संपत्तियों पर छापे मारे हैं। ये छापे उन गंभीर आरोपों के बाद पड़े हैं जिनमें कहा गया है कि सेन और उनकी पत्नी ने दुर्गा पूजा के दौरान यूनेस्को के नाम या टैग का गलत इस्तेमाल कर लोगों से पैसे ऐंठे थे।
जानकारी के मुताबिक, ED की टीमें सिंगुर स्थित फार्महाउस और कोलकाता स्थित उनके घर और उनके रिश्तेदारों और अन्य ठिकानों समेत कुल 10 जगहों पर तलाशी अभियान चला रही हैं। आरोप है कि इंद्रनील सेन ने 'मास आर्ट' नाम की एक संस्था के जरिए बाजार से भारी रकम जुटाई और फिर उन पैसों की हेराफेरी की।
जून में मिली शिकायत में यूनेस्को के नाम पर उगाही का आरोप
इस पूरे मामले की शुरुआत जून में एक पुलिस शिकायत से हुई थी। इसमें इंद्रनील सेन और उनकी पत्नी मधुछंदा पर यूनेस्को के नाम पर पैसे वसूलने का आरोप लगाया गया था।
छापों के दौरान शांति बनाए रखने के लिए केंद्रीय बलों को बुलाया गया था।
इसी बीच, बंगाल भाजपा के नेता और मंत्री दिलीप घोष ने कहा, "शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई होगी। दुर्गा पूजा के नाम पर पैसे की उगाही शुरू हो गई है। यह सब गैरकानूनी है और सरकार इसके खिलाफ जरूरी कदम उठा रही है।"