सोपोर में शिक्षक पर उत्पीड़न के आरोप से बवाल, 6 को हिरासत लिया; शिक्षक भी निलंबित
जम्मू-कश्मीर के सोपोर में छात्रों ने एक शिक्षक पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद हालात तेज़ी से तनावपूर्ण हो गए। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान हुई पत्थरबाजी और तोड़फोड़ के लिए सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम (PSA) के तहत छह लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए इन लोगों को भदरवाह जेल भेज दिया गया है।
शिक्षा विभाग ने शिक्षक को किया निलंबित
शिक्षा विभाग ने संबंधित शिक्षक को निलंबित कर दिया है और इस मामले की जांच शुरू कर दी है। विभाग ने 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने का भरोसा दिलाया है। हालांकि, FIR (प्राथमिकी) दर्ज की जा चुकी है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इस बीच, पुलिस इलाके में शांति बनाए रखने के लिए समुदाय के नेताओं और माता-पिता से सहयोग मांग रही है। पुलिस ने युवाओं को गलत राह पर न जाने और समाज-विरोधी तत्वों के प्रभाव में न आने की चेतावनी भी दी है।