सोनीपत में खौफनाक वारदात, पिटबुल ने 6 महीने के मासूम को नोचा
हरियाणा के सोनीपत की सिक्का कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सड़क पर जा रही 6 महीने के एक मासूम बच्चे पर एक पिटबुल कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। उस समय बच्चा अपनी चाची की गोद में था।
अपने भतीजे को बचाने की कोशिश में चाची पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया। हमले की यह पूरी वारदात कैमरे में कैद हो गई है।
बच्चे को PGIMER रोहतक शिफ्ट किया गया
बच्चे को काफी गंभीर चोटें आई हैं, जिस वजह से उसे बेहतर इलाज के लिए एक अस्पताल से PGIMER रोहतक में भर्ती कराया गया है। हालांकि, बच्चे के परिवार ने अभी तक इस मामले में पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं करवाई है। लेकिन इस खौफनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
लोग यह सवाल भी उठा रहे हैं कि पिट बुल जैसे खतरनाक कुत्ते पालने के लिए तय किए गए नियमों का पालन किया जा रहा है या नहीं। CCTV फुटेज सामने आने के बाद बच्चे की दादी ने इस पूरी घटना के बारे में बताया है।