उत्तर प्रदेश: रामलीला के हिसाब-किताब ने ली 3 जानें, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में पिछली रामलीला मेले के पैसों को लेकर हुए झगड़े ने एक खूनी मोड़ ले लिया। दरअसल, इस साल के रामलीला आयोजन की योजना बनाने के लिए एक बैठक बुलाई गई थी, लेकिन पैसों के हिसाब-किताब में पारदर्शिता की मांग को लेकर शुरू हुआ यह मामला इतना बिगड़ गया कि 3 लोगों की जान चली गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।
कौशल गुप्ता समेत 2 अन्य गिरफ्तार
इस घटना में मरने वालों में व्यापारी अंकित गुप्ता (30) और मोहित गुप्ता (38) के साथ-साथ कुणाल श्रीवास्तव (18) भी शामिल थे। वहीं, रोज गुप्ता (20) घायल तो हुईं, लेकिन उनकी जान बच गई।
पुलिस ने इस मामले के मुख्य आरोपी कौशल गुप्ता को 2 अन्य लोगों के साथ गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से पुलिस ने हथियार और लाठियां भी बरामद की हैं। फिलहाल, इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और इस पूरे मामले की जांच अभी भी जारी है।