उत्तर प्रदेश: भाजपा विधायक के बेटे पर 3 लोगों को बंधक बनाकर प्रताड़ित करने का आरोप
उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में 2 घरेलू कर्मचारियों समेत 3 लोगों ने भाजपा विधायक सुशांत सिंह के बेटे पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विधायक के बेटे का सोने का कड़ा गुम होने के बाद उन्हें विधायक के घर पर ही अवैध तरीके से बंधक बनाया गया और प्रताडित किया गया। उनका आरोप है कि उन्हें बेरहमी से पीटा गया और बिजली के झटके तक दिए गए। वे 6 नामजद समेत 15 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज करवाना चाहते हैं।
पीड़ित अस्पताल में भर्ती, सुशांत सिंह ने चोट पहुंचाने से किया इनकार
पीड़ित अतुल, लवलेश और उनके दोस्त रामू वर्तमान में अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से रामू की हालत गंभीर बनी हुई है। रामू की मां ने बताया कि उनके बेटे को 7 अक्टूबर को घर से ले जाया गया था, जबकि अतुल और लवलेश पहले से ही विधायक के आवास पर मौजूद थे और उन्हें वहीं रोका गया था। वहीं, विधायक सुशांत सिंह का दावा है कि कर्मचारियों से केवल गायब हुए कड़े के बारे में पूछताछ की गई थी और उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया। स्थानीय सांसद रुचि वीरा ने जल्द न्याय की मांग की है। उधर पुलिस मामले की जांच जारी रखे हुए है।