GB पंत के डॉक्टर की तेज रफ्तार कार ने ली ई-रिक्शा चालक की जान
उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में शुक्रवार शाम एक ई-रिक्शा चालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। नागेंद्र चौरसिया (33) नाम के इस चालक का ई-रिक्शा रिंग रोड के पास एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गया। टक्कर लगने से ई-रिक्शा पलट गया। इसमें सवार 5 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें महिलाएं और बच्चे शामिल थे।
GB पंत अस्पताल के रेडियोलॉजिस्ट को हिरासत में लिया गया
ई-रिक्शा को टक्कर मारने वाली कार के ड्राइवर डॉ सिद्धार्थ हैं। वह GB पंत अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के तौर पर काम करते हैं। डॉ सिद्धार्थ ही घायलों को अस्पताल लेकर गए, लेकिन नागेंद्र चौरसिया की जान नहीं बचाई जा सकी। बाकी 5 यात्रियों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। पुलिस ने डॉ सिद्धार्थ को हिरासत में ले लिया है और उनकी कार को भी जांच के लिए जब्त कर लिया है। उधर, नागेंद्र चौरसिया के परिवार ने डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। परिवार का कहना है कि डॉक्टर लापरवाही से गाड़ी चला रहे थे और उन पर सख्त कानूनी धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।