महाराष्ट्र में पहली कक्षा में दाखिले के लिए 6 साल की उम्र होगी अनिवार्य, जानिए पूरे नियम
महाराष्ट्र सरकार ने एलान किया है कि साल 2030-31 के शैक्षणिक सत्र से पहली कक्षा में बच्चों के दाखिले के लिए उनकी उम्र कम से कम 6 साल होना जरूरी होगा। सभी बोर्डों में दाखिले के नियमों को एक समान बनाने के लिए यह कदम उठाया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने इसी हफ्ते यह जानकारी दी है।
महाराष्ट्र 2027-28 से धीरे-धीरे लागू करेगा ये नियम
उम्र की ये नई सीमाएं धीरे-धीरे लागू की जाएंगी। साल 2027-28 से नर्सरी में दाखिले के लिए बच्चे की उम्र 3 साल होनी चाहिए। इसके बाद हर साल जूनियर और सीनियर किंडरगार्टन के लिए उम्र एक-एक साल बढ़ती जाएगी, जब तक कि पहली कक्षा में दाखिले के लिए 6 साल की उम्र तय न हो जाए। यदि कोई बच्चा साल 2026-27 तक पहले से ही नर्सरी या उससे ऊपर की किसी कक्षा में पढ़ रहा है, तो उस पर ये नियम लागू नहीं होंगे। स्कूलों के प्रिंसिपल, नर्सरी से लेकर पहली कक्षा तक के दाखिलों में न्यूनतम और अधिकतम उम्र की सीमा में 15 दिन की छूट दे सकते हैं।