इंदौर: बेकाबू प्रधानमंत्री ई-सेवा इलेक्ट्रिक बस ने भीड़ को रौंदा, एक की मौत
देश
इंदौर के राजवाड़ा नगर सेवा बस स्टैंड पर प्रधानमंत्री ई-सेवा की एक इलेक्ट्रिक बस बेकाबू हो गई और भीड़ में जा घुसी। इस हादसे में एक व्यक्ति पिकू उर्फ गणेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य घायल हो गए। उनका एमवाई हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। यह पूरी घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई है।
पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया
पुलिस ने बस ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि वह हादसे के बाद मौके से भागने की कोशिश कर रहा था। उससे लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच करेगी कि क्या ड्राइवर ने शराब पी रखी थी। वहीं, जांच दल यह भी पता लगा रहा है कि कहीं हादसा ब्रेक फेल होने या किसी अन्य तकनीकी खराबी के कारण तो नहीं हुआ। गुस्साए लोगों ने घटनास्थल पर बस में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।