दिल्ली: बाइक के चक्कर में आरोपियों ने किशोर को मारी गोली, अस्पताल में भर्ती
दिल्ली के जैतपुर एक्सटेंशन में रविवार को एक जनरल स्टोर के बाहर 16 वर्षीय किशोर को बाइक को लेकर हुए विवाद में गोली मार दी गई। सैलून चलाने वाला यह किशोर अब सफदरजंग अस्पताल में भर्ती है। पुलिस का मानना है कि गोली लगने वाले किशोर का उन दोनों से पुराना झगड़ा था, इसी वजह से गोलीबारी हुई। पुलिस ने इस मामले में 2 अन्य किशोरों को हिरासत में ले लिया है।
फोरेंसिक टीम ने जब्त की देसी पिस्तौल
घटना की जानकारी रात करीब 8:41 बजे मिली थी। बताया जा रहा है कि इससे पहले हुई एक झड़प में कैंची भी चली थी। फोरेंसिक जांच करने वाली टीम को मौके से गोली का अग्रभाग, एक खाली खोखा और एक देसी पिस्तौल मिली है, जिसे जब्त कर लिया गया है।
हिरासत में लिए गए किशोर मेरठ और दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं, लेकिन पुलिस अभी यह जानने की कोशिश कर रही है कि आखिर पूरा मामला क्या है, इसलिए उनके नाम अभी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।