दिल्ली में बिजली पर सब्सिडी के लिए सत्यापित कराना होगा आधार कार्ड, सरकार ने उठाया बड़ा कदम
अगर आप दिल्ली में बिजली बिल पर सब्सिडी का लाभ उठा रहे हैं, तो आपके लिए एक नया नियम लागू हो गया है। अब इस फायदे को जारी रखने के लिए आपको अपने आधार नंबर को ऑनलाइन सत्यापित करना पड़ेगा। यह नया नियम 30 सितंबर, 2026 को घोषित किया गया था। यह BSES राजधानी पावर लिमिटेड (BRLP), BSES यमुना पावर लिमिटेड (BYPL), टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड (TPDDL) के साथ-साथ NDMC और MES के तहत आने वाले इलाकों में सब्सिडी पाने वाले सभी लोगों पर लागू होगा। इस कदम का मकसद यह पक्का करना है कि सब्सिडी का फायदा सिर्फ उन्हीं लोगों को मिले, जो इसके सही हकदार हैं।
आधार नामांकन ID से भी मिलेगा फायदा
अगर आपके पास अभी तक आधार नंबर नहीं है तो भी घबराने की जरूरत नहीं है। आप अपनी आधार नामांकन ID का इस्तेमाल करके भी सब्सिडी का लाभ ले सकते हैं। बस आपको एक बात का ध्यान रखना होगा कि उपभोक्ताओं को हर साल एक खास ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपने विकल्प को फिर से चुनना होगा। सरकार का कहना है कि वे इस जानकारी को सभी तक पहुंचाएंगे, ताकि कोई भी अपनी सब्सिडी से वंचित न रह जाए।