चंडीगढ़: पुलिस की आंखों में मिर्च झोंककर भागा हेरोइन तस्कर
चंडीगढ़ के सेक्टर 38 में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां ड्रग्स के धंधे में शामिल होने के शक में 30 साल का दीपक थापा पुलिस हिरासत से फरार हो गया।
खन्ना CIA टीम उसे हेरोइन बरामद करने के लिए उसके घर ले गई थी, लेकिन जब उसने बाथरूम जाने के लिए हथकड़ी हटाने को कहा, तभी थापा और उसकी मां ने पुलिसकर्मियों पर लाल मिर्च पाउडर फेंक दिया। पुलिस की आंखों में मिर्च पड़ते ही वे कुछ देख नहीं पाए। इसी बीच, थापा वहां से फरार हो गया।
हेरोइन जब्ती के बाद सामने आया था थापा का नाम
दीपक थापा की गिरफ्तारी कुछ दिन पहले ही हुई थी। पुलिस ने एक अभियान में करीब 500 ग्राम हेरोइन जब्त की थी। इस मामले में एक अन्य आरोपी ने थापा का नाम बताया था, जिससे पुलिस को पता चला कि वह बड़े तस्करों के गिरोह का हिस्सा है।
इसी जानकारी के आधार पर पुलिस उसके घर पहुंची थी। थापा के फरार होने के बाद मलोया पुलिस ने उसकी मां और थापा दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की अलग-अलग धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। लेकिन, यह संदिग्ध अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।