बेंगलुरु में सितंबर में गर्मी, टूट सकता है 75 साल पुराना रिकॉर्ड
देश
बेंगलुरु में इस बार सितंबर का महीना भी खूब तप रहा है। यहां तापमान 32.2 सेल्सियस पर पहुंच गया है, जो 1951 के सितंबर के रिकॉर्ड के बिल्कुल करीब है। खास बात यह है कि यह महीना आमतौर पर मानसून का होता है, जब शहर में जमकर बारिश होती है, लेकिन इस बार हालात बिल्कुल उलट हैं।
IMD ने बताया अल नीनो जिम्मेदार, कर्नाटक में सूखा
IMD बेंगलुरु के वैज्ञानिक सीएस पाटिल ने इतनी ज्यादा गर्मी की वजह इल नीनो को बताया है। उनका कहना है कि अभी आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
लगातार कई हफ्तों तक बारिश नहीं होने के कारण कर्नाटक के 239 में से 101 तालुकों को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया गया है। बारिश की कमी और सूखे की इस मार ने खेती-बाड़ी पर बुरा असर डाला है, जिसकी वजह से किसानों की फसलें और उनका भविष्य दोनों मुश्किल में पड़ गए हैं।