बागपत में 80 वर्षीय बल्जोर सिंह ने की खुदी की तेरहवीं, 900 लोगों को किया भोज में आमंत्रित
उत्तर प्रदेश के बागपत से एक दिल छू लेने वाली खबर आई है। यहां 80 साल के बल्जोर सिंह ने अपनी ही 13वीं का आयोजन किया। आमतौर पर 13वीं किसी के निधन के बाद होती है, लेकिन बल्जोर ने यह अनूठा कदम अपनी इकलौती बेटी पिंकी को भविष्य में आने वाले बोझ से बचाने के लिए उठाया। जौहरी गांव में हुए इस खास कार्यक्रम में करीब 900 लोग शामिल हुए, जहां सभी ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन किया।
बल्जोर ने अपने पोते मुकुल को जिम्मेदारी सौंपी
इस मौके पर बल्जोर ने अपने 10 साल के पोते मुकुल को परिवार की जिम्मेदारियां सौंपीं। उन्होंने मुकुल के सिर पर पगड़ी बांधी और उसे जमीन का एक टुकड़ा भी तोहफे में दिया। उत्तर प्रदेश के मंत्री केपी सिंह भी इस कार्यक्रम में मौजूद थे। उन्होंने बल्जोर के इस अनोखे आयोजन की तारीफ करते हुए उन्हें बधाई दी। इस आयोजन में एक बड़ा सामुदायिक भोज भी रखा गया था, जिसमें सभी मेहमानों को पारंपरिक पकवान परोसे गए।