वायु प्रदूषण का आर्थिक असर, 2024 में अर्थव्यवस्था को 24 लाख करोड़ का नुकसान हुआ- रिपोर्ट
क्या है खबर?
सर्दियां शुरू होते ही उत्तर भारत में वायु प्रदूषण का मुद्दा जोर पकड़ने लगता है। इस दौरान धुंध, वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI), स्कूलों में छुट्टियां और मास्क पहनने की चर्चा होने लगती है, लेकिन प्रदूषित हवा अर्थव्यवस्था पर भी खासा असर डाल रही है। एक रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रदूषण के चलते लोगों के बाहर न निकलना, कर्मचारियों का छुट्टी लेना या और पूरी क्षमता से काम न कर पाना किस तरह अर्थव्यवस्था पर असर डाल रहा है।
रिपोर्ट
PM2.5 20 प्रतिशत कम हुआ तो बचेंगे 8 लाख करोड़ रुपये
डालबर्ग एडवाइजर्स और क्लीन एयर फंड द्वारा किए गए एक सर्वे से इस समस्या की गंभीरता सामने आई है।
आंकड़ों के अनुसार, वायु प्रदूषण के कारण भारतीय अर्थव्यवस्था को 2024 में लगभग 24 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जो सकल घरेलू उत्पाद (GDP) का लगभग 6 प्रतिशत है।
विश्लेषण से पता चलता है कि PM2.5 प्रदूषण को लगभग 20 प्रतिशत तक कम करने से 2030 तक 8 लाख करोड़ रुपये के आर्थिक नुकसान को टाला जा सकता है।
असर
उत्पादकता पर असर डाल रहा है प्रदूषण
रिपोर्ट के मुताबिक, वायु प्रदूषण के सबसे बड़े आर्थिक परिणामों में से एक उत्पादकता का नुकसान है।
सांस लेने में तकलीफ, खांसी, सिरदर्द या थकान से जूझ रहे कर्मचारी काम करने तो आते हैं, लेकिन उनकी एकाग्रता और कार्यक्षमता पर नकारात्मक असर पड़ता है। इसे उपस्थितिवाद कहा जाता है।
विश्लेषण से पता चलता है कि वायु प्रदूषण से होने वाले आर्थिक नुकसान में सबसे बड़ा योगदान उपस्थिति के बावजूद पूरी क्षमता से काम न कर पाने का है।
पर्यटन
प्रदूषण के कारण पर्यटन पर असर, 6.97 लाख करोड़ का नुकसान
रिपोर्ट में बताया गया है कि प्रदूषण बढ़ने पर लोग खरीदारी करने, बाहर खाना खाने और यात्रा करने से बचने लगते हैं। इससे खुदरा विक्रेताओं, रेस्तरां और पर्यटन संचालकों सहित ग्राहकों की आवाजाही पर निर्भर व्यवसायों को नुकसान होता है।
रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि उपभोक्ता खर्च और पर्यटन गतिविधियों में कमी के कारण भारत को 2024 में लगभग 6.97 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।
कृषि
कृषि पैदावार को भी नुकसान
प्रदूषण से सतही ओजोन बनती है, जो फसलों को नुकसान पहुंचाती है।
एग्रीकल्चरल सिस्टम्स पत्रिका के 2024 के एक लेख में 2005 से 2020 के बीच चावल उत्पादन पर सतही ओजोन के असर का विश्लेषण किया गया। इसमें पता चला कि चावल उत्पादन में होने वाली हानि 2005 में 7.39 अरब टन से बढ़कर 2020 में 11.46 अरब टन हो गई।
2020 में चावल की उपज में कमी के कारण 27,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
सुधार
प्रदूषण पर काबू करने से पैदा हो सकती हैं नई नौकरियां
रिपोर्ट में यह भी अनुमान लगाया गया है कि PM2.5 के सुरक्षित स्तर को प्राप्त करने से लंबी अवधि में सालाना लगभग 24 लाख करोड़ रुपये का आर्थिक लाभ हो सकता है।
साथ ही 10 करोड़ से अधिक नौकरियों पैदा हो सकती हैं या नए रोजगारों को समर्थन मिल सकता है और कार्बन उत्सर्जन में भी कमी आ सकती है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सबसे ज्यादा फायदा श्रमिकों की उत्पादकता में सुधार और उपभोक्ता गतिविधियों की बहाली से होगा।