महाराष्ट्र में बारिश का तांडव, लोनावला में एक दिन में ही हुई सालभर की बारिश
देश
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने मुंबई, पुणे, रायगढ़ और आसपास के इलाकों के लिए भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश के चलते पुणे में स्कूलों की छुट्टी कर दी गई है। इसके साथ ही मुंबई-पुणे राजमार्गों पर भूस्खलन और जलभराव के कारण यातायात ठप पड़ गया है। इससे यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी है।
लोनावला में 670 और महाबलेश्वर में 513 मिलीमीटर बारिश
लोनावला में पिछले 24 घंटों के दौरान 670 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। यह इतनी ज्यादा है कि जयपुर में पूरे साल होने वाली बारिश से भी अधिक है। वहीं, महाबलेश्वर में भी 513 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जो साल 2014 के बाद एक दिन में हुई दूसरी सबसे ज्यादा बारिश है। IMD ने बताया है कि कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और पूर्वी गुजरात में भारी बारिश का यह दौर कम से कम मंगलवार रात तक जारी रहने की आशंका है।