IMD का दिल्ली में यलो अलर्ट, अगले 3 दिन बारिश की संभावना
मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए मंगलवार को मध्यम बारिश की संभावना जताई है। हालांकि, इस बारिश से गर्मी और उमस से बहुत ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दिन का तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस बना रहेगा, जबकि रात में यह लगभग 22 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।
मौसम वैज्ञानिक ने बारिश और जलभराव को लेकर चेतावनी दी
मौसम वैज्ञानिक नवदीप दहिया के अनुसार, 3 से 6 अगस्त के बीच दिल्ली और उत्तरी भारत में मध्यम से भारी बारिश होने का अनुमान है। इसकी वजह यह है कि मानसून अब उत्तर की तरफ बढ़ रहा है। तेज बारिश की वजह से शहर के लगभग 70 प्रतिशत हिस्सों में पानी भर सकता है, जिससे कुछ जगहों पर जलभराव की समस्या होने की आशंका है।
रविवार को नरायणा इलाके में सबसे ज्यादा 15 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। अच्छी खबर यह है कि पिछले 3 दिनों से राजधानी की हवा की गुणवत्ता 'संतोषजनक' श्रेणी में बनी हुई है। फिलहाल AQI 78 दर्ज किया गया है।