भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि चक्रवात 'अकवान' बंगाल की खाड़ी में लगातार मजबूत हो रहा है। इसके 19 नवंबर की सुबह तक एक बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की आशंका है।
IMD के मुताबिक, यह सिस्टम 20 नवंबर की दोपहर के आसपास नेल्लोर और तुनी के बीच आंध्र प्रदेश और यनम के तटों को पार कर सकता है। इस बीच क्या आपने कभी सोचा है कि 'अकवान' नाम कहां से आया है?
13 देशों के समझौते के तहत ईरान ने दिया है 'अकवान' नाम
दरअसल, क्षेत्र के 13 देशों के बीच एक सहकारी समझौता हुआ है। इसी समझौते के तहत ईरान ने आधिकारिक तौर पर इस चक्रवात का नाम 'अकवान' रखने का प्रस्ताव दिया था।
पारसी लोक कथाओं (माइथोलॉजी) में, 'अकवान' 'शाहनामा' महाकाव्य का एक चतुर दानव है।
ऐसे चक्रवातों का नाम रखने से मौसम विभाग के अधिकारियों से लेकर आम जनता तक, सभी को इन्हें ट्रैक करना आसान हो जाता है। इससे सबसे मुश्किल घड़ी में भी लोग सुरक्षित रह पाते हैं।