IMD की चेतावनी: बिहार, बंगाल, पूर्वोत्तर में भारी बारिश, अचानक बाढ़-भूस्खलन का खतरा
मौसम विभाग (IMD) ने बताया है कि इस हफ्ते बिहार, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश होने की संभावना है। 12 जुलाई को मेघालय के मवक्यरवाट में तो एक ही दिन में 21 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई। वहीं, बांसगांव (पूर्वी उत्तर प्रदेश), सिवान (बिहार) और पुंडीबाड़ी (पश्चिम बंगाल) जैसे इलाकों में भी जम कर बारिश हुई।
असम, मेघालय में बाढ़ की चेतावनी
असम और मेघालय के लिए 13 जुलाई की दोपहर तक फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ की चेतावनी जारी हुई है, खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में। इन इलाकों के पहाड़ी हिस्सों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है, वहीं मैदानी इलाकों में जलभराव और तेज़ हवाएं चल सकती हैं। किसानों से अपील की गई है कि वे अपने खेतों से अतिरिक्त पानी निकाल दें, ताकि धान, मक्का और पटसन जैसी फसलों को नुकसान होने से बचाया जा सके। इसके अलावा, पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों तक कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है।