दिल्ली का मौसम बदलने वाला है! 11-13 मई तक हल्की बारिश-धूल भरी आंधी
दिल्ली और आसपास के इलाकों में रहने वालों के लिए एक खबर है। 11 से 13 मई के बीच हल्की बारिश, धूल भरी आंधियां और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, ये मौसम में बदलाव पूरे इलाके में एक साथ नहीं होंगे, बल्कि अलग-अलग जगहों पर देखने को मिलेंगे। ये बदलाव ज्यादातर शाम या सुबह के शुरुआती घंटों में दिख सकते हैं। यानी आपको कहीं-कहीं हल्की फुहारें या तेज़ हवाएं महसूस हो सकती हैं, लेकिन कोई बहुत बड़ा मौसम बदलाव नहीं होगा।
मौसम वैज्ञानिकों की अपील- घबराएं नहीं
मौसम विज्ञानी नवदीप दहिया ने लोगों को भरोसा दिलाया है कि सोशल मीडिया पर मौसम को लेकर जो डर फैलाए जा रहे हैं, वे जरूरत से ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर बताए जा रहे हैं।
IMD ने भी पुष्टि की है कि 11 से 13 मई के बीच कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बौछारें और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। एक अधिकारी ने जानकारी दी, "मौसम में होने वाले छोटे बदलावों के लिए जागरूक रहें, लेकिन घबराएं नहीं क्योंकि इस सिस्टम से कोई खास खतरा नहीं है।"