दिल्ली में खत्म हुआ सुहाने मौसम का दौर, 41 डिग्री सेल्सियस की तपिश के लिए हो जाएं तैयार
दिल्ली में एक बार फिर गर्मी बढ़ने वाली है। मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि मंगलवार तक तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पिछले कुछ दिनों से बारिश और आंधी-तूफान की वजह से मौसम सुहावना बना हुआ था, लेकिन अब पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ने के साथ ही मौसम फिर से गर्म होने लगा है। पिछले वीकेंड में अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा था, लेकिन अब इसमें बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
दिल्ली का AQI 96 पर
पिछले वीकेंड में तेज हवाओं के साथ बारिश भी हुई थी। सफदरजंग में लगभग 6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान सामान्य से काफी नीचे चला गया था। अब जब गर्मी दोबारा बढ़ रही है, तो रात का न्यूनतम तापमान भी बढ़ने की संभावना है। हालांकि, राहत की बात यह है कि बढ़ती गर्मी के बीच भी 13 जून को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 96 दर्ज किया गया, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है।