Page Loader
दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों को मिलेगी गर्मी और लू से निजात, बारिश होगी
राजस्थान और केरल को छोड़ देश के बाकी हिस्सों में लू नहीं चलेगी

दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों को मिलेगी गर्मी और लू से निजात, बारिश होगी

लेखन गजेंद्र
May 10, 2024
03:48 pm

क्या है खबर?

भारतीय मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि शुक्रवार से देश के कई राज्यों में गर्मी कम हो जाएगी और बारिश से मौसम खुशगवार होगा। समाचार एजेंसी ANI ने बताया कि मौसम वैज्ञानिक सोमा सेन ने बताया कि राजस्थान और केरल को छोड़कर बाकी देश के सभी हिस्सों में लू करीब-करीब खत्म होने वाली है। उन्होंने बताया कि लू केवल राजस्थान के पश्चिमी हिस्से में चलेगी। हालांकि, अभी कुछ राज्यों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम

मौसम में कैसै आया यह बदलाव?

सेन ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से देश में तेज नमी का प्रवाह आ रहा है, जिससे आंधी-तूफान की गतिविधियां बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, असम, मेघालय और आसपास के अन्य राज्यों में बिजली गिरने की संभावना रहेगी। तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होगी। नमी के प्रवाह से पूरे महीने लू की गति धीमी हो सकती है। इसके बाद जून में लू के आसार बहुत कम हैं।

बारिश

किन-किन राज्यों में होगी बारिश?

IMD के मुताबिक, मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों में बारिश के साथ ओलावृष्टि होगी, वहीं दिल्ली और उत्तर प्रदेश में मौसम सामान्य है और आगे बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत के कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल और तेलंगाना में अगले एक हफ्ते तक बारिश का अनुमान जताया गया है। इस दौरान तापमान में गिरावट आएगी। पहाड़ों पर भी बारिश का दौर चल रहा है। उत्तराखंड में 13 मई तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।