IMD का बड़ा अलर्ट: बंगाल की खाड़ी से आ रही जोरदार बारिश
हम सोच ही रहे थे कि अब मानसून खत्म होने वाला है, लेकिन भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने साफ कर दिया है कि अभी इसका असर खत्म नहीं हुआ है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक नया मौसमी सिस्टम तैयार हो रहा है, जिससे मानसून कुछ और दिनों तक बना रह सकता है। अंडमान सागर के करीब बनी हवाओं का एक चक्रवाती घेरा जल्द ही कम दबाव के क्षेत्र में बदल सकता है। इसके बाद यह पश्चिम-उत्तर, पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा और पूर्वी व मध्य भारत के कई हिस्सों में फिर से भारी बारिश लाएगा।
ओडिशा में 22 से 24 सितंबर तक भारी बारिश
ओडिशा में 22 से 24 सितंबर के बीच जोरदार बारिश हो सकती है, खासकर 23 और 24 सितंबर को कुछ इलाकों में तो बहुत ही भारी बारिश का अलर्ट है। मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, विदर्भ, पश्चिम बंगाल, झारखंड, कर्नाटक और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी पहले से ही मौसम खराब है, इसलिए लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।