IMD ने दिल्ली के लिए जारी की आंधी-बारिश की चेतावनी, जानिए कैसा रहेगा मौसम
भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली को लेकर एक नया पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मुताबिक, रविवार को शहर में बहुत हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। इसी तरह सोमवार को हल्की बारिश, गरज और 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मंगलवार से शनिवार तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। रविवार को हल्की बारिश के साथ दिन की शुरुआत होगी। इस दौरान दिन का तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। रातें भी गर्म ही बनी रहेंगी, पारा लगभग 28.8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
दिल्ली में सोमवार को आंधी-तूफान की चेतावनी
सोमवार को भी बारिश का दौर जारी रहेगा और तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। हल्की बारिश मंगलवार तक देखी जा सकती है। हालांकि, सोमवार के बाद इसकी रफ्तार धीमी पड़ने लगेगी। बादल और बारिश के बावजूद, गर्मी से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। शनिवार तक पारा 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। IMD ने कल दिल्ली और पड़ोसी राज्यों के लिए आंधी-तूफान का अलर्ट भी जारी किया है। ऐसे में लोगों को छाता साथ रखने की सलाह दी गई है।