केरलम में मौत बनकर बरसी बारिश, 6 की मौत
केरलम में मौसम इस वीकेंड यानी 2 और 3 अगस्त को काफी गंभीर रहने की आशंका है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 2 अगस्त के लिए 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
यहां भारी बारिश का अनुमान है, जिससे पथनमथिट्टा, अलप्पुझा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जैसे इलाकों में फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का बड़ा खतरा है। इन जिलों के बाहर रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बारिश से 6 लोगों की मौत, 1465 लोग विस्थापित
केरलम में 1 अगस्त को हुई भारी बारिश ने पहले ही काफी तबाही मचाई है। इस दौरान 6 लोगों की जान चली गई, जबकि 6 अन्य अभी भी लापता हैं। इडुक्की और कोट्टायम में भूस्खलन हुआ और बाढ़ ने ओणम के लिए सजे बाजारों को बर्बाद कर दिया।
करीब 1,465 लोगों को अपने घर छोड़ने पड़े और उन्हें राहत कैंपों में भेजा गया है, क्योंकि उनके घर या तो टूट गए या बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कई जगहों पर बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है।
सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में आपदा प्रतिक्रिया टीमें भेजी हैं और नुकसान का आकलन किया जा रहा है ताकि मुआवजा दिया जा सके। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि आने वाली बारिश को देखते हुए वे खतरनाक जगहों से दूर रहें।