IMD का ऑरेंज अलर्ट: कहीं मानसून का दमदार आगाज, तो कहीं लू से बेहाल होगा देश
आज IMD ने भारी बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट बिहार, ओडिशा, सिक्किम, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों, पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी मध्य प्रदेश के लिए है। उत्तर-पूर्व भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल व सिक्किम में 27 से 29 जून के बीच भारी बारिश की संभावना है। खासकर 28 जून को असम और मेघालय में भारी बारिश की आशंका है।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू का प्रकोप
अगले 3 दिनों के दौरान मानसून कई और हिस्सों में आगे बढ़ेगा। इसके चलते मानसून गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ के बाकी हिस्सों, झारखंड, बिहार, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और उत्तराखंड तक पहुंच जाएगा।
दूसरी ओर, 26 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू चलने का अनुमान है, और कुछ इलाकों में तो भीषण लू भी पड़ सकती है। 27 जून को भी पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू की स्थिति बनी रहेगी। मध्य भारत के विदर्भ और छत्तीसगढ़ जैसे इलाकों में 28 जून तक भारी बारिश का दौर रहेगा।
वहीं केरल और कर्नाटक में 1 जुलाई तक कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। दिल्ली में भी 26 जून को हल्की बारिश और आंधी-तूफान हो सकते हैं।