IMD का अलर्ट: दिल्ली-NCR समेत देश में मौसम की हलचल, भारी बारिश-तूफान की चेतावनी
मौसम विभाग (IMD) ने 22 जून के लिए मौसम का अलर्ट जारी कर दिया है। इसके मुताबिक, उत्तर-पूर्वी भारत के असम, मेघालय और त्रिपुरा जैसे राज्यों में पूरे हफ्ते भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही, सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी जोरदार बारिश का अनुमान है।
दूसरी ओर, दक्षिण के राज्यों जैसे केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु और तेलंगाना में भी अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है। दिल्ली-NCR समेत कई उत्तरी राज्यों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार जताए गए हैं।
निचले इलाकों में बाढ़ और तेज हवाओं की चेतावनी
IMD ने आगाह किया है कि इन तूफानों के कारण निचले इलाकों में बाढ़ आ सकती है और पानी भर सकता है। इससे सड़कों पर आवाजाही मुश्किल होगी और विजिबिलिटी भी कम हो सकती है। तेज हवाओं से पेड़ उखड़ सकते हैं या बिजली के तार भी टूट सकते हैं। हालांकि, एक तरफ जहां विदर्भ में अभी भी बारिश की कमी बनी हुई है, वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश में भीषण लू चलने की चेतावनी भी दी गई है।